UP: मुरादाबाद मंडल में शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग का खेल, गोपनीय जांच में खुलासा, अफसरों से जवाब तलब
मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर और संभल से देसी शराब को ओपररेटिंग पर बेचे जाने की शिकायत पर शासन स्तर से गोपनीय जांच कराई गई। इसमें बड़ा खुलासा हुआ है। अफसरों को जांच के दाैरान पता चला कि तय कीमतों से ज्यादा की वसूली की जा रही है। रिपोर्ट के बाद मुरादाबाद प्रभार के उपआबकारी आयुक्त से जवाब तलब किया गया है।
विस्तार
मुरादाबाद में देसी शराब पर अधिक मूल्य वसूला जा रहा है। मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर और संभल से लगातार मिलने वाली शिकायतों के बाद जब लखनऊ स्तर से गोपनीय जांच कराई गई तो 15 दुकानों पर ओवररेटिंग पकड़ी गई।
इससे साफ है कि लंबे समय से यह खेल चल रहा था लेकिन जिम्मेदार विभाग खामोश रहा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आबकारी आयुक्त डॉ.आदर्श सिंह ने मुरादाबाद प्रभार के उपआबकारी आयुक्त से पंद्रह दिन के भीतर जवाब मांगा है।
विभाग में भी हड़कंप
इस रिपोर्ट के बाद विभाग में भी हड़कंप मच गया है। आबकारी आयुक्त आदर्श सिंह द्वारा जारी किए गए पत्र में कहा गया है कि मुरादाबाद-प्रभार के अंतर्गत आबकारी दुकानों पर ओवर रेटिंग की शिकायत प्राप्त होने पर शासन ने गोपनीय रूप से मुरादाबाद, अमरोहा और संभल में देसी-विदेशी और बीयर की दुकानों पर टेस्ट परचेजिंग कराई थी।
जिसमें तय कीमत से अधिक पर शराब की बिक्री पाई गई है। इस पत्र में बताया गया है कि 30 और 31 जनवरी को टीम ने 15 दुकानों पर जाकर जांच की थी। हैलेट रोड कपूर कंपनी की दुकान पर तो दुकान खुलने के समय से पहले ब्लैक में 75 रुपए एमआरपी वाली टेट्रा पैक 100 रुपये में बेची जा रही थी।
वहीं मुरादाबाद में बंगला गांव, चक्कर की मिलक, हैलेट रोड, आदर्श कालोनी, मंडी समिति, बिलारी में रुस्तमपुर सहसपुर, महाजनान बिलारी, राजा का सहसपुर बिलारी। अमरोहा में रायपुर, जोया, सब्जी मंडी धनौरा।
संभल में बहजोई अड्डा, रसूलपुर ब्लाक रजपुरा, केसरपुर ब्लाक रजपुरा और ब्यौरा ब्लाक रजपुरा में जांच की गई। सभी जगह पांच से 10 रुपये की ओवररेटिंग पकड़ी गई है। हालांकि जब जांच हुई तो पता लेकिन इससे साफ है कि लंबे समय से देसी शराब पर अधिक मूल्य वसूला जा रहा है।
मेरी जानकारी में नहीं
इस तरह की कोई जानकारी मेरे संज्ञान में नहीं है, यदि ऐसी कोई बात सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी, फिलहाल अभी ऐसा कुछ नहीं है। - आरपी सिंह, जिला आबकारी अधिकारी, मुरादाबाद।